
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025 (ESB MP Teacher Result 2025) का बहुप्रतीक्षित परिणाम आज, 27 फरवरी 2026 को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। मंडल ने यह परिणाम 87 प्रतिशत पदों (11,978 पद) के लिए जारी किया है।
मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग तथा जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत प्राथमिक शिक्षकों के कुल 13,089 पदों को भरने के लिए इस चयन परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा का संचालन 09 अक्टूबर 2025 से 13 अक्टूबर 2025 के बीच प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में किया गया था। इन शहरों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खण्डवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी एवं उज्जैन शामिल थे।
ईएसबी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की आपसी सहवरिष्ठता नियमपुस्तिका में उल्लेखित नियमानुसार निर्धारित की गई है। यह भी कहा है कि मंडल द्वारा तैयार की गई प्रावीण्य या प्रतीक्षा सूची के आधार पर आवेदक की सभी जानकारियों, दस्तावेजों, प्रमाण पत्रों आदि का सत्यापन व परीक्षण संबंधित विभाग या कार्यालय के स्तर से किया जाएगा।
उचित पाए जाने पर ही संबंधित विभाग या कार्यालय के नियमानुसार अंतिम चयन या नियुक्ति की कार्यवाही की जाएगी। मंडल द्वारा परीक्षा परिणाम तैयार कर संबंधित विभाग या कार्यालय को भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP को बड़ी सौगात, इटारसी-भोपाल-बीना के बीच बिछेगी चौथी रेल लाइन, 4,329 करोड़ के प्रोजेक्ट को कैबिनेट की मंजूरी
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। वेबसाइट से परिणाम को डाउनलोड और भविष्य के संदर्भ के लिए मुद्रित (Print) भी किया जा सकता है।