
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त तीनों सीटों के लिए शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचन हो गया। निर्वाचन अधिकारी अवधेश प्रताप सिंह ने नाम वापसी लेने की समय सीमा दोपहर तीन बजे पूरी होने के बाद निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। कांग्रेस के विवेक तन्खा का निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जेपी धनोपिया ने प्राप्त किया। वहीं, भाजपा की कविता पाटीदार और सुमित्रा बाल्मिक अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र शनिवार को प्राप्त करेंगी। प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें भाजपा के एमजे अकबर और सम्पतिया उइके व कांग्रेस के विवेक तन्खा का कार्यकाल पूरा होने पर रिक्त हुई थीं। तीनों सीटों के लिए एक-एक आवेदन पत्र ही प्राप्त हुआ।

जांच में ये वैध पाए गए और शुक्रवार को नाम वापस लेने की समय सीमा बीतने के बाद निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी गई। निर्वाचन अधिकारी एपी सिंह ने कांग्रेस और भाजपा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में निर्वाचन की सूचना पढ़ी और फिर कांग्रेस के विवेक तन्खा के निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंप दिया। भाजपा के पदाधिकारी एसएस उप्पल ने सूचित किया कि कविता पाटीदार और सुमित्रा बाल्मिक शनिवार को प्रमाण पत्र लेने आएंगी। इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
भाजपा नेत्रियां आज ग्रहण करेंगी प्रमाण पत्र
भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने बताया कि नव निर्वाचित राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मिक एवं कविता पाटीदार चार जून शनिवार को दोपहर 12:30 बजे प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा सदस्य के निर्वाचन का प्रमाण पत्र ग्रहण करेंगी।