PM SVANidhi Yojana: योजना के क्रियान्वयन में देश में MP अव्वल, पहले नंबर पर इंदौर
पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश के साथ इंदौर, सारणी और बालाघाट नगरीय निकायों को स्वनिधि सम्मान-2026 के लिए चुना गया है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 10:01:57 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 10:01:57 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- याेजना के क्रियान्वयन में MP देश में पहले स्थान पर
- इंदौर, सारणी और बालाघाट को मिलेगा स्वनिधि सम्मान-2026
- भोपाल चौथे और उज्जैन तीसरे स्थान पर रहे
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश ने एक बार फिर देश में पहला स्थान हासिल किया है। पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश के साथ इंदौर, सारणी और बालाघाट नगरीय निकायों को स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है।
20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में इन्हें सम्मानित किया जाएगा।
2827.84 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी
प्रदेश में अब तक 10.87 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना का लाभ मिला है। 17.22 लाख ऋण प्रकरणों के माध्यम से 2827.84 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है।
- इंदौर नगर निगम ने 2,02,407 ऋण प्रकरण वितरित कर मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में पहला स्थान पाया है।
- भोपाल 1,39,262 प्रकरणों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
- उज्जैन नगर निगम 59,558 ऋण प्रकरणों के साथ मेजर सिटी श्रेणी में तीसरे स्थान पर है।
योजना में महिला हितग्राहियों की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत है। वहीं, 7.61 लाख से अधिक पथ विक्रेता डिजिटल लेनदेन अपना चुके हैं और उन्हें अब तक 59.72 करोड़ रुपये से अधिक का कैशबैक मिला है।