भोपाल (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के पहले कर्मचारी चयन मंडल से 500 पुलिस उप निरीक्षकों की भर्ती शुरू करने की तैयारी है। भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय ने नियमावली तैयार कर मंडल को भेज दी है। इस वर्ष चुनाव के चलते सरकार भी चाहती है कि चुनाव की घोषणा के पहले भर्ती शुरू हो जाए। हालांकि, पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि लिखित परीक्षा चुनाव के पहले हो सकती है, पर शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीपीटी) चुनाव के बाद ही हो पाएगी। इसमें दो से तीन माह लग जाएंगे। इस तरह अप्रैल में ही नियुक्ति होने की उम्मीद है।
500 उपनिरीक्षकों की भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय ने कर्मचारी चयन मंडल को प्रस्ताव भेजा है। बता दें कि सरकार इस वर्ष एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती कर रही है। अगस्त तक सभी पदों पर नियुक्ति करने की तैयारी थी, लेकिन कर्मचारी चयन मंडल पर परीक्षाओं का दबाव ज्यादा होने की वजह से उपनिरीक्षकों की भर्ती अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
अधिकारियों ने बताया कि अभी साढ़े सात हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इनकी लिखित परीक्षा के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। यह लगभग दिसंबर तक चलेगी। ऐसे में उपनिरीक्षकों के लिए पीपीटी जनवरी के बाद ही शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद लगभग एक माह परिणाम जारी करने में लग जाएंगे। इस तरह मार्च आखिर या अप्रैल में ही ज्वाइनिंग हो पाएगी। बता दें कि पहली बार इस भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा के भी अंक जोड़कर प्रावीण्य सूची तैयार की जानी है।