
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में मतदाता सूची को साफ-सुथरा करने के लिए कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के बाद सियासत गरमा गई है। एसआईआर में बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के बाद अब नई सूची में लाखों नाम जुड़ गए हैं।
दिक्कत ये है कि किस विधानसभा में किसका नाम जुड़ा है, इसकी जानकारी न तो सत्ता पक्ष के पास है और न ही विपक्ष के पास। इसी वजह से भाजपा और कांग्रेस दोनों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के दफ्तर से विधानसभावार सूची सार्वजनिक करने की मांग उठाई है।
एसआईआर से पहले प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5,74,06,143 थी। शुद्धीकरण की प्रक्रिया के बाद जब प्रारूप सूची जारी हुई तो यह संख्या घटकर 5,31,31,983 रह गई। इस दौरान कुल 42.74 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इनमें मृत, अनुपस्थित, एक से अधिक जगह नाम दर्ज होने वाले, स्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके और अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल थे।
इसके बाद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी एसएसआर के लिए मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया। इसमें मतदाताओं की संख्या में 8.9 लाख का इजाफा देखने को मिला। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जो मतदाता बढ़े हैं, क्या उनमें वही नाम तो शामिल नहीं हैं, जिन्हें एसआईआर के दौरान सूची से बाहर किया गया था। इसी शंका को दूर करने के लिए सूची मांगी जा रही है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों का कहना है कि उन्हें नए जोड़े गए नामों की विधानसभावार जानकारी चाहिए। दोनों पार्टियां चाहती हैं कि चुनाव आयोग यह साफ करे कि किस विधानसभा क्षेत्र में किसका नाम जोड़ा गया है। पार्टियों का तर्क है कि बिना पूरी सूची देखे यह पता लगाना मुश्किल है कि नाम सही तरीके से जुड़े हैं या नहीं।
दोनों पार्टियों ने यह भी साफ किया है कि वे इस बात पर नजर रखेंगी कि एसआईआर में हटाए गए नाम एसएसआर में फिर से तो नहीं जुड़ रहे हैं। पार्टियों का कहना है कि अगर ऐसा होता है तो वे इस पर आपत्ति उठाएंगी। एसएसआर का काम 11 दिसंबर तक चलना है। इस दौरान पार्टियां अपने स्तर पर भी नामों की जांच करेंगी।
उधर, कांग्रेस ने नए जोड़े गए या हटाए गए मतदाताओं के सत्यापन के लिए अभियान शुरू करने का फैसला किया है। कांग्रेस 22 नवंबर से यह अभियान चलाएगी। इसमें पार्टी कार्यकर्ता मैदान में उतरकर यह जांच करेंगे कि जो नाम जोड़े या हटाए गए हैं, वे सही हैं या नहीं।
SIR के बाद जिनके नाम जोड़े गए उनकी सूची नहीं मिली है। ऐसे में कैसे पता करेंगे कि किसका नाम शामिल किया गया। बीएलए आपत्ति किस आधार पर करेगा।
-ललित सेन, प्रदेश कांग्रेस के मतदाता सूची पुनरीक्षण विभाग के प्रभारी
जिनके नाम शामिल किए गए हैं, उनकी सूची जब तक हमारे पास नहीं होगी तब तक यह कैसे सुनिश्चित किया जा सकेगा कि एसआईआर में जो नाम कटे थे, वह इस सूची में तो नहीं हैं। यदि उन्हीं के नाम फिर जुड़ते हैं तो फिर SSR में BLO ने क्या देखा और किस आधार पर नाम हटाए।
-एसएस उप्पल, प्रदेश भाजपा के चुनाव कार्य प्रभारी
एसआईआर में जिस श्रेणी में जिन मतदाताओं के नाम हटे, उसकी सूची वेबसाइट पर है। भाजपा और कांग्रेस द्वारा जो नाम जोड़े गए हैं, उनकी सूची मांगी जा रही है। ऐसी सूची अलग से तैयार नहीं की जाती है।
-संजीव कुमार झा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्य प्रदेश