
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में उद्यानिकी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्य नीति आयोग बड़ा मंथन करने जा रहा है। मध्य प्रदेश राज्य नीति आयोग द्वारा उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण विभाग के सहयोग से सोमवार को भोपाल में ‘मध्य प्रदेश में उद्यानिकी मूल्य श्रृंखलाओं का सुदृढ़ीकरण’ विषय पर नीति संवाद आयोजित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम एमपीटी होटल पलाश रेसीडेंसी के प्रथम तल स्थित विमर्श हॉल में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें विषय-विशेषज्ञों, वित्तीय संस्थाओं, नीति-निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उद्यानिकी क्षेत्र के समग्र विकास पर विचार-विमर्श करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मध्य प्रदेश राज्य नीति आयोग के सीईओ स्वरोचिष सोमवंशी स्वागत उद्बोधन देंगे। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्रीमन शुक्ला प्रारंभिक उद्बोधन देंगे। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित और कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता का विशेष संबोधन होगा।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण आयुक्त सौरभ कुमार सुमन ‘मध्य प्रदेश उद्यानिकी-2026: जिला वर्गीकरण, कमोडिटी क्लस्टर और मूल्य श्रृंखला की कमियां’ विषय पर प्रस्तुति देंगे। इसके बाद खुली चर्चा होगी।
चर्चा में एपीडा, राष्ट्रीय उद्यानिकी बोर्ड, एमपीआईडीसी, नाबार्ड, सेंट्रल बैंक, डब्ल्यूआरआई-इंडिया, पारले एग्रो, डाबर, जैन इरिगेशन, कृषि-तकनीक संस्थानों, महिला कृषक उत्पादक कंपनी और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस संवाद से उद्यानिकी क्षेत्र में निवेश, प्रोसेसिंग और मार्केट लिंकेज को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।