
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद वृद्धि की मांग को लेकर डीपीआई कार्यालय के बाहर पिछले 18 दिनों से चल रही अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल गुरुवार को खत्म हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दोपहर में आंदोलन स्थल पर पहुंचे और अनशन पर बैठे मुख्य अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत समेत अन्य युवाओं को समझाइश देकर नारियल पानी पिलाया और हड़ताल समाप्त कराई।
पटवारी ने इस दौरान राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आंदोलन को 18 दिन हो गए लेकिन सरकार ने इसकी सुध तक नहीं ली। यह सरकार निर्दयी है। ऐसी निर्दयी सरकार से लड़ने के लिए जीवित रहना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे ये युवा किसी दूसरे प्रदेश के नहीं बल्कि हमारे अपने प्रदेश के परिवार के लोग हैं। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के लगभग तीन लाख पद खाली पड़े हैं। अगर सरकार वर्ग-2 और 3 में पद वृद्धि कर देती है तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पिछले 25 साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार है और वह कर्ज लेकर व्यवस्थाएं चला रही है। सरकार हेलिकाप्टर, हवाई जहाज और दूसरे कामों के लिए कर्ज ले रही है तो शिक्षकों के पद बढ़ाने के लिए भी कर्ज ले सकती है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शिक्षकों की पीड़ा को समझा है और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पद वृद्धि की मांग की है। यह केवल नौकरी का सवाल नहीं है बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का सवाल है। शिक्षकों का सम्मान करो, उन्हें आंदोलनकारी मत बनाओ। अगर शिक्षा ही आंदोलन बन गई तो यह देश के लिए बहुत घातक होगा। इधर अनशन खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों ने कहा कि हड़ताल खत्म हुई है आंदोलन नहीं, सरकार पद वृद्धि नहीं करती है तो फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- डिंडौरी स्वास्थ्य विभाग में ₹60.65 लाख के घोटाले का खुलासा, तत्कालीन CMHO को नोटिस, सहायक निलंबित