
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले (Twisha Sharma Death Case Update) में पीड़िता की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने एएनआई से बातचीत के दौरान कई अहम दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि शादी के कुछ महीनों बाद ही उन्हें ट्विशा के व्यवहार और विचारों को लेकर असामान्य बातें महसूस होने लगी थीं। गिरिबाला सिंह के बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
गिरिबाला सिंह के अनुसार, जब ट्विशा को अपनी गर्भावस्था की पुष्टि हुई, तब से उनके व्यवहार में बड़ा बदलाव देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा बच्चे को जन्म नहीं देना चाहती थीं और मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) करवाने की जिद पर अड़ी हुई थीं।
उन्होंने बताया कि उसी शाम घर लौटने पर ट्विशा बेहद परेशान हालत में थीं। वह खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी हरकतें कर रही थीं और लगातार रोते हुए कह रही थीं कि वह इस तरह नहीं जी सकतीं। गिरिबाला सिंह ने कहा कि उन्होंने ट्विशा को सम्मानपूर्वक मायके जाने का विकल्प भी दिया था।
सेवानिवृत्त न्यायाधीश ने कहा कि ट्विशा अक्सर अपनी मर्जी से फैसले लेती थीं और कई बार आवेगपूर्ण व्यवहार करती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि एक रात ट्विशा बिना बताए घर से चली गई थीं, जिसके बाद परिवार को उनकी जानकारी नहीं थी। इस संबंध में उन्होंने ट्विशा की मां से भी संपर्क किया, लेकिन उन्हें भी कोई जानकारी नहीं थी।
गिरिबाला सिंह ने दावा किया कि 23 तारीख को ट्विशा की मां भोपाल आई थीं, लेकिन ज्यादा समय नहीं रुकीं और 30 तारीख को समर्थ सिंह के आने पर दोबारा वापस आईं। उनके मुताबिक, इसके बाद फिर घर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
गिरिबाला सिंह ने अपने बेटे समर्थ सिंह का बचाव करते हुए कहा कि वह मानसिक रूप से परेशान था और शुरुआत से ही रिश्ते को संभालने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा कि पुरुष अक्सर अपनी भावनाओं को आंसुओं के जरिए व्यक्त नहीं कर पाते।
#WATCH | Bhopal, MP | Twisha Sharma death case | Mother-in-law of the victim and retired judge Giribala Singh says, "Within 5 months, I realised that she held quite liberal views... on the 17th, the moment she received confirmation of her pregnancy, her entire demeanour changed;… pic.twitter.com/LYZ5SW2R3S
— ANI (@ANI) May 19, 2026
उन्होंने यह भी कहा कि घर में कोई बड़ा झगड़ा नहीं हुआ था, लेकिन एमटीपी को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था। उनके अनुसार, ट्विशा बार-बार यह कहती थीं कि कोई उन्हें नियंत्रित नहीं कर सकता।
नोएडा निवासी 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए भोपाल निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ सिंह, पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं।
आरोप है कि 12 मई की रात ट्विशा ने अपनी मां को फोन कर ससुराल में प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके करीब दो घंटे बाद उनकी मौत की खबर सामने आई। मामले में पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।