भोपाल। मध्य प्रदेध विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र के दौरान बुधवार को कांग्रेस विधायक पुलिस के वेश में पहुंचे। सभी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हुए घोटाले का विरोध कर रहे थे। सभी ने विधानसभा में प्रदर्शन किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घोटाले को व्यापमं पार्ट-2 बताया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने पुलिस की प्रतीकात्मक वर्दी पहनकर प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। सिंघार ने आरोप लगाया कि यह घोटाले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों को सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
मध्य प्रदेश में प्रतिदिन 20 महिलाओं से दुष्कर्म और 33 महिलाओं के अपहरण हो रहे हैं। इस साल जनवरी से जून 2025 तक दुष्कर्म के 3,742 मामले सामने आए। इनमें अनुसूचित जाति की महिलाएं 905, जनजाति 1143, पिछड़ा वर्ग की 1228 और सामान्य वर्ग की 466 थीं। इस अवधि में 120 सामूहिक दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए। यह जानकारी मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। इसमें सामने आया है कि वर्ष 2024 में दुष्कर्म के प्रकरण में 2.79 प्रतिशत, सामूहिक दुष्कर्म में 1.63 प्रतिशत को ही सजा हो पाई, जबकि 2018 में क्रमश: 12.43 प्रतिशत तथा 16.25 प्रतिशत को सजा हुई थी।
प्रदेश में वर्ष 2018 से लेकर 2024 तक सात वर्षों में 54, 067 महिलाओं से दुष्कर्म हुए। पीड़िताओं में अनुसूचित जाति की 14,258, अनुसूचित जनजाति की 14,804, पिछड़ा वर्ग की 18,942 तथा सामान्य वर्ग 6,063 महिलाएं शामिल हैं। दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। 2018 में 7,136 मामले थे, जो 2024 में 20 प्रतिशत बढ़कर 8,518 हो गए। अपहरण के मामले 6,394 से बढ़कर 100,70 हो गए। यानी 53 प्रतिशत बढ़े।
जनवरी से जून 2025 तक अपहरण के 5,868 प्रकरण दर्ज हुए। प्रताप ग्रेवाल ने यह भी पूछा था कि 2024-25 के वार्षिक प्रतिवेदन में 2024 मे दुष्कर्म के 5592 प्रकरण बताए गए थे, जबकि उत्तर में मुख्यमंत्री ने 8518 मामले बताए हैं जो 60 प्रतिशत अधिक है। इसके जवाब में कहा गया है कि पीड़िता की बरामदगी होने पर बलात्संग की घटना पाए जाने पर अपहरण के प्रकरण बलात्संग के प्रकरण में परिवर्तित होते हैं, जिससे अपहरण एवं बलात्संग के प्रकरणों में कमी, वृद्धि होना एवं आंकड़ों में परिवर्तन होना संभव है।