
(नईदुनिया प्रतिनिधि)। मध्य प्रदेश में शनिवार से तापमान में गिरावट शुरू होने के आसार हैं। हवाओं का रुख लगातार दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी बना रहने से प्रदेश में दिन व रात का तापमान बढ़ा हुआ है। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है। उसके बाद हवा का रुख उत्तरी होने लगेगा। इसके बाद प्रदेश में सर्द हवाओं के असर से तापमान में गिरावट होने लगेगी।
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में दर्ज किया गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह इस सीजन में सबसे अधिक है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात प्रदेश में सबसे कम 13.8 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। इसके अलावा पांच अन्य शहरों छिंदवाड़ा, मंडला, मलाजखंड, खंडवा एवं खरगोन में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास बना हुआ है।
.jpg)
इसके अतिरिक्त दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश एवं उससे लगे छत्तीसगढ़ पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके असर से हवाओं का रुख लगातार दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से जहां रात के तापमान में अपेक्षाकृत गिरावट नहीं हो रही है, वहीं दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और धूप में चुभन महसूस हो रही है।