
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। रविवार को दमोह, कटनी और रायसेन शीतलहर की चपेट में रहे, जबकि सतना, रीवा और दतिया में हल्का कोहरा छाया रहा। कटनी के करौंदी और दमोह में रात का तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री लुढ़ककर 6.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी रायसेन, कटनी और दमोह में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी रातें सर्द रहीं। रीवा में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, जबलपुर में 8.9 डिग्री और रायसेन और शिवपुरी में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में रात का पारा सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे गिरकर 9.2 डिग्री पर आ गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री रिकार्ड हुआ।
इसके अलावा ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री, इंदौर में 12.4 डिग्री और उज्जैन में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के तापमान में बालाघाट का मलाजखंड सबसे ठंडा रहा, जहां पारा सामान्य से 4 डिग्री गिरकर 22.6 डिग्री पर सिमट गया। वहीं खंडवा 29.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। हैरानी की बात यह रही कि नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 4.8 डिग्री उछलकर 13.6 डिग्री दर्ज हुआ।
अगले पांच दिनों तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके आगे निकलने के बाद प्रदेश में दिन के तापमान में भी तेज गिरावट देखने को मिलेगी।- प्रमेंद्र कुमार, मौसम विज्ञानी
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 9.2 | 26.9 |
| ग्वालियर | 11.0 | 25.6 |
| इंदौर | 12.4 | 27.8 |
| जबलपुर | 8.9 | 27.1 |