
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में उत्तरी हवाओं का प्रवेश शुरू हो गया है, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक घुलने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। इसका प्रभाव अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वी हिस्सों में बना रहेगा।
इससे रीवा, सतना सहित आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मंगलवार को विंध्य क्षेत्र के सतना में 0.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। शेष प्रदेश के बाकी जिलों में कहीं भी वर्षा नहीं हुई।
चक्रवात के चलते जहां पूर्वी जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, वहीं पश्चिमी और मध्य के इलाकों में मौसम स्थिर रहेगा और तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। मंगलवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में दिन का पारा चढ़ा रहा। धार और उज्जैन में सर्वाधिक 36.4 डिग्री, भोपाल में 36.1 डिग्री, ग्वालियर में 36.5 डिग्री और इंदौर में 36.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
दूसरी ओर हिल स्टेशन नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में 29.6 डिग्री और बालाघाट जिले के मलाजखंड में पारा 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रीवा में 30.6 डिग्री और सतना में 30.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं की रफ्तार बढ़ने से रात के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में आज हल्की वर्षा के आसार जताए गए हैं।