
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में इन दिनों मौसम का अजब रंग देखने को मिल रहा है। दिन में जहां तीखी धूप और साफ आसमान के चलते गर्मी पसीने छुड़ा रही है, वहीं रात होते ही गुलाबी ठंडक का अहसास हो रहा है। दिन और रात के पारे में भारी अंतर दर्ज किया जा रहा है। कई सालों बाद अक्टूबर में मौसम का ऐसा असामान्य दौर सामने आया है।
दिन में तापमान दो से ढाई डिग्री अधिक है, वहीं रात का पारा भी दो से तीन डिग्री तक कम रिकार्ड किया जा रहा है। दो साल पहले अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में दिन में ऐसी ही तेज गर्मी पड़ी थी, जबकि छह साल पहले रात इतनी सर्द हुई थी।
मौसम विज्ञानी बीके रायकवार ने बताया कि इस बार मानसून तय समय से 10 से 12 दिन पहले ही विदा हो गया। पिछले साल मानसून 15 अक्टूबर तक सक्रिय रहा था, जिससे दिन का पारा इतना नहीं चढ़ पाया था। रायकवार का कहना है कि 25 अक्टूबर तक मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। दिन में तीखी धूप बनी रहेगी, हालांकि रात के तापमान में एक से दो डिग्री की और गिरावट दर्ज हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में 14-15 अक्टूबर को 36.7 डिग्री रिकार्ड हुआ था, जबकि वर्ष 2019 में 13 अक्टूबर को रात का पारा 17.6 डिग्री रहा था। पिछले वर्ष 13 अक्टूबर को यह 15.8 डिग्री तक लुढ़क गया था। बीते दिनों की बात करें तो राजधानी में पांच से सात अक्टूबर के दौरान भी अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री तक पहुंचा गया था, जो सामान्य से करीब दो से ढाई डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान गिरकर 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में सोमवार को 4 घंटे बिजली कटौती, दोपहर 2 बजे तक रहेगी बत्ती गुल, सदर बाजार समेत कई इलाके होंगे प्रभावित