
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को तेज वर्षा हुई, जबकि भोपाल-इंदौर में दिनभर तीखी धूप खिली रही। इस दौरान सबसे ज्यादा 27 मिलीमीटर वर्षा नरसिंहपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा सतना व उमरिया में 19-19 मिलीमीटर, रीवा में 16 मिलीमीटर, सीधी में 15 मिलीमीटर, जबलपुर में सात मिलीमीटर, नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में छह मिलीमीटर, मंडला में पांच मिलीमीटर और छिंदवाड़ा में तीन मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब इस समय उत्तर-दक्षिण आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की तरफ सक्रिय है। इस वेदर सिस्टम से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले दो दिनों तक तेज वर्षा का दौर जारी रहने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को रीवा, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम, सागर और सीहोर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का येलो अलर्ट है।