Weather Of MP: बौछारों ने गर्मी की उतारी लू... इंदौर, भोपाल और ग्वालियर सहित 20 से ज्यादा शहरों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में चार सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आ रही है, जिससे कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। इससे तापमान गिरा है। अगले तीन-चार दिन तक यह मौसम बने रहने की संभावना है, फिर तापमान बढ़ सकता है।
Publish Date: Tue, 06 May 2025 10:01:08 PM (IST)
Updated Date: Wed, 07 May 2025 12:00:19 AM (IST)
मध्य प्रदेश में बारिश से लू में मिली राहत। (फाइल फोटो)HighLights
- बंगाल-अरब सागर से नमी का प्रवाह जारी।
- इंदौर, उज्जैन सहित कई संभागों में तेज बारिश।
- दिन-रात के तापमान में आई गिरावट दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में चार प्रभावी मौसम प्रणालियों के असर से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी का प्रवाह जारी है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश का दौर चल रहा है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार बुधवार को इंदौर, भोपाल, उज्जैन संभागों में कई स्थानों पर और जबलपुर, शहडोल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है, जबकि रात का सबसे कम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस भोपाल और रतलाम में दर्ज किया गया।
प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का दौर
- मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में उज्जैन, भोपाल, शहडोल संभागों में कई स्थानों पर और इंदौर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, रीवा, जबलपुर संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
- सागर संभाग में कहीं-कहीं बौछारें पड़ीं। बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, धार, शाजापुर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, सीहोर, बैतूल, पांढुर्ना और सिवनी में ओलावृष्टि दर्ज की गई। बुधवार को भी इंदौर, उज्जैन संभागों में कई स्थानों पर बारिश और ओले गिरने की संभावना है। सबसे अधिक दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस नरसिंहपुर में रहा।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का प्रभाव
- वर्तमान में चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिमी राजस्थान और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बने हैं। पूर्वोत्तर राजस्थान में भी एक चक्रवात सक्रिय है, जिससे उत्तरी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, सिक्किम होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी है।
- मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के अनुसार, यह मौसमी मिजाज अगले तीन-चार दिन तक बना रहेगा। इसके बाद तापमान में फिर से वृद्धि शुरू हो सकती है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां कुछ दिन और जारी रहेंगी, जिससे तापमान में फिलहाल कमी रहेगी। हालांकि, मौसम प्रणालियों के कमजोर पड़ने के बाद गर्मी फिर से बढ़ सकती है।