
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते पूरा प्रदेश वर्षा में भीग रहा है। मंगलवार को कहीं रिमझिम बौछारें पड़ीं तो कहीं तेज वर्षा हुई। छतरपुर जिले के खजुराहो में सबसे अधिक 43 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। धार में 39, राजगढ़ में 30 व भोपाल में 10 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मंगलवार को बारिश के साथ तेज हवाओं ने भी असर दिखाया। ग्वालियर और गुना समेत कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। शाम को छिंदवाड़ा, सिवनी और सीधी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हुई।
वर्षा के कारण प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 28 से 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.8 से 28.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
पूर्वी मप्र के तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने वाला है, यानी बारिश का यह दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सागर और टीकमगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां अति भारी वर्षा के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, झाबुआ, धार, इंदौर, उज्जैन, आगर, मंदसौर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, दमोह, छतरपुर और निवाड़ी में बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें- Monsoon Update: इंदौर संभाग में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, धार-उज्जैन में यलो अलर्ट
भोपाल, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, रतलाम, देवास, शाजापुर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, मैहर और पांढ़ुर्णा में तेज आंधी और गरज चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।