यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP Weather News: हवाओं का रुख बदलने से बढ़ा रात का तापमान, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
ग्वालियर सहित प्रदेश के 17 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 19 Nov 2023 02:35:34 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Nov 2023 02:35:34 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के मध्य में द्रोणिका के रूप में बना हुआ है।
- हवा का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है।
- इस वजह से दिन एवं रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है।
भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। वर्तमान में उत्तर भारत में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवाओं का रुख भी बार-बार बदल रहा है। इस वजह से रविवार को राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट होने के भी आसार हैं।
पचमढ़ी सबसे ठंडा
उधर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात प्रदेश में सबसे कम 12 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर में दर्ज किया गया। ग्वालियर सहित प्रदेश के 17 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रिकार्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
चल रही दक्षिण-पूर्वी हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के मध्य में द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है। हालांकि इस मौसम प्रणाली की आवृति कम होने के कारण मौसम के मिजाज पर इसका विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना कम है। उधर वर्तमान में हवा का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से दिन एवं रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है।
माह अंत में जोर पकड़ेगी सर्दी
मौसम विज्ञानी शुक्ला के मुताबिक सोमवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने के बाद हवाओं का रुख बदलकर फिर उत्तरी होने लगेगा। इस वजह से एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी। इससे ठंड बढ़ने लगेगी। 23-24 नवंबर को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल भी छा सकते हैं। नवंबर के अंत में अच्छी ठंड पड़ने की भी उम्मीद की जा रही है।