
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दशहरा पर आज मध्यप्रदेश के आधे हिस्से में आंधी-बारिश का (Aaj Ka Mausam) अलर्ट है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम और सागर संभाग के 25 जिलों में बारिश की संभावना (MP Rain Alert) जताई है। बारिश के अलर्ट को देखते हुए भोपाल में कलाकारों ने रावण के पुतलों को बरसाती से ढक दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, रायसेन, सागर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश होने का अनुमान है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की वजह से ऐसा हो सकता है। अगले 4 दिन यानी 23 अक्टूबर तक बारिश का दौर रहेगा। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा या इससे अधिक रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। दूसरी ओर पूर्वी हिस्से जैसे जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में धूप निकलने के आसार है।
भोपाल में दशहरा की तैयारियों के बीच बारिश के अलर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। कलाकारों ने रावण के पुतलों को बरसाती से ढक दिया है ताकि वे भीगने से बच सकें। साल 2022 में भी बारिश के कारण पुतले नहीं जल पाए थे और उन्हें जलाने के लिए केरोसिन-पेट्रोल डालना पड़ा था। प्रदेश के अन्य जिलों में भी उस साल रावण दहन प्रभावित हुआ था।
इधर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे चल रहा है। बीती रात छिंदवाड़ा में 17.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 17.8 डिग्री, आलीराजपुर व गुना में 18 डिग्री, अमरकंटक में 18.4 डिग्री और नीमच के मरुखेड़ा में 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खंडवा, उज्जैन, खरगोन, रतलाम, राजगढ़ और रायसेन में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ज्यादा है।
प्रदेश में पिछले 4 दिन से आंधी-बारिश हो रही है। गुना में एक ही दिन में साढ़े 4 इंच पानी गिर गया। इंदौर, शाजापुर, सीहोर, मंदसौर, उज्जैन, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल और छिंदवाड़ा में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। इंदौर में सोमवार को दिन में रुक-रुककर बारिश हुई। ऐसा ही मौसम अन्य जिलों में भी बना रहा।