
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम (Aaj Ka Mausam) का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है। दोपहर में जहां तेज धूप और उमस पसीने छुड़ा रही है, वहीं सूरज ढलते ही मौसम में हल्की ठंडक घुलने लगी है। देर रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड की दस्तक से घरों में एसी-कूलर बंद होने लगे हैं और पंखों की रफ्तार भी धीमी हो गई है।
मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम (MP weather) शुष्क रहा। ग्वालियर में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा छतरपुर जिले के खजुराहो और राजगढ़ में 36.8, धार में 36.7, उज्जैन में 36.5, नर्मदापुरम व खरगोन में 36.4, इंदौर में 35.9 और भोपाल में 35.4 डिग्री सेल्सियस पारा रहा।
दूसरी ओर रात के पारे में नरमी बनी हुई है। नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री और इंदौर में 17.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे सुबह और देर रात हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय ओस भी दिखने लगी है।
मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिणी हरियाणा पर ऊपरी हवा के दो अलग-अलग चक्रवात सक्रिय हैं। प्रदेश में इस समय उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इस मौसमी तंत्र के प्रभाव से शनिवार को विंध्य अंचल के रीवा, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसके बाद दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी और हवाओं में हल्की ठंडक घुलने लगेगी, जिससे ठंड के मौसम की औपचारिक शुरुआत मानी जाएगी।
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| भोपाल | 35.4 | 20.5 |
| इंदौर | 35.9 | 17.9 |
| ग्वालियर | 37.0 | 22.9 |
| जबलपुर | 35.8 | 21.3 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में