
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे कर दिए हैं। बुधवार को राजधानी भोपाल शीतलहर की चपेट में रही, जहां रात का पारा सामान्य से 5.4 डिग्री नीचे लुढ़ककर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ दमोह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।
दिन में खिली धूप के कारण भोपाल में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सूरज ढलते ही सर्द हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी। रीवा में 9.2 डिग्री और रायसेन में 9.4 डिग्री सेल्सियस के साथ रात का पारा 10 डिग्री के नीचे रहा।
उमरिया में 10.3 डिग्री, जबलपुर में 10.5 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, गुना और ग्वालियर में 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दूसरी ओर, गुना में दिन का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था, जबकि बालाघाट के मलाजखंड में दिन का पारा सामान्य से 3.5 डिग्री गिरकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। सुबह के समय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर व उमरिया में नमी के कारण हल्की धुंध भी छाई रही।
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि मैदानी इलाकों में रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ठंडी हवाएं चलने से अब रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी ठंडक महसूस होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड के 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को राहत, दो अंक वाले सवालों में भी मिलेगा आंतरिक विकल्प