
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने पूरे मध्य प्रदेश को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का असर बना रहा, जिससे रात का पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम है। भोपाल में यह लगातार तीसरा दिन है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया है।
ज्ञात हो कि बुधवार को भी राजधानी भोपाल में शीतलहर चली थी। रात का तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री कम था और 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं प्रदेश में सबसे सर्द रात कटनी के करौंदी में रही, जहां तापमान 6.8 डिग्री तक गोता लगा गया।
इस सीजन में पहली बार प्रदेश का पारा इतना नीचे आया है। इसके अलावा दमोह में 7.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। शहडोल के कल्याणपुर में 7.4 और शाजापुर के गिरवर में 7.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सर्द हवाओं के चलते रीवा में 9.0 डिग्री, छतरपुर जिले के खजुराहो व रायसेन में 9.6 डिग्री और जबलपुर व उमरिया में 9.8 डिग्री तापमान दर्ज होने से कड़ाके की ठंड महसूस की गई। छतरपुर के नौगांव में पारा 10 डिग्री पर ठहर गया, जबकि ग्वालियर में 10.5 और इंदौर में 12.0 डिग्री रहा। दिन के तापमान की बात करें तो बालाघाट का मलाजखंड सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री गिरकर 23.4 डिग्री पर आ गया।
हवा में नमी 70 से 93 प्रतिशत तक रहने से गुरुवार सुबह मंडला, रीवा और सतना में हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को भी भोपाल, शाजापुर, कटनी व दमोह में शीतलहर चलने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- बसों में ड्रग्स, ट्रेनों में कोकीन... नशे की गिरफ्त में भोपाल, स्कूल-कॉलेज से लेकर मेडिकल स्टोर तक होगी निगरानी