MP Weather Update: 15 अगस्त से फिर बरसेंगे बदरा, श्योपुर-शिवपुरी में भारी वर्षा का अलर्ट, तापमान भी गिरा
मध्य प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बारिश जारी है। बुधवार को कुछ कमी रही, लेकिन 15 अगस्त से नए सिस्टम के कारण फिर तेज वर्षा होगी।
Publish Date: Wed, 12 Aug 2026 09:07:09 PM (IST)Updated Date: Thu, 13 Aug 2026 07:57:42 AM (IST)
एमपी 15 अगस्त से फिर बरसेंगे बदरा। (एआई जनरेटेड)HighLights
- सीहोर में सबसे ज्यादा 43 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई बुधवार।
- श्योपुर और शिवपुरी में भारी वर्षा का अलर्ट जारी।
- बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राज्य के ऊपर से गुजर रहे तीन मौसम प्रणालियों के कारण लगभग हर जिला वर्षा से सराबोर है। शनिवार से लेकर मंगलवार तक प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में जोरदार वर्षा हुई, लेकिन बुधवार को इसमें थोड़ी कमी देखने को मिली।
बुधवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा 43 मिलीमीटर वर्षा सीहोर में दर्ज की गई। इसके अलावा खरगौन में 38 मिलीमीटर, श्योपुर में 28 मिलीमीटर, खंडवा में 21 मिलीमीटर, छिंदवाड़ा में 16 मिलीमीटर, राजधानी भोपाल में 15 मिलीमीटर, शहडोल में 14 मिलीमीटर और विदिशा में 9.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।
इन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
- मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार के लिए श्योपुर और शिवपुरी जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बाकी सभी जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है, जहां हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
- लगातार हो रही वर्षा के चलते प्रदेश भर में दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है। उमरिया को छोड़ कर, बाकी सभी जिलों में पारा सामान्य या सामान्य से नीचे बना हुआ है।
- भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में वर्षा न होने के कारण पारा सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक यानी 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- Indore Weather Update: इंदौर में बदला मौसम का मिजाज, दिनभर रिमझिम बारिश, अगले तीन-चार दिन भी तेज बौछारों के आसार
15 अगस्त से नया सिस्टम होगा सक्रिय
उत्तर-पश्चिम से गुजर रही मानसूनी द्रोणिका और लो प्रेशर एरिया के कारण वर्षा हो रही है। इस बीच बुधवार को बंगाल की खाड़ी में एक और नया लो प्रेशर एरिया बन गया है। इसका प्रभाव प्रदेश में 15 अगस्त से दिखेगा, जिससे प्रदेश में एक बार फिर तेज वर्षा का नया दौर शुरू होगा।
![naidunia_image]()