Weather Of MP: मध्य प्रदेश में आज से गर्मी से मिलेगी राहत... भोपाल, इंदौर, जबलपुर सहित 22 जिलों में होगी झमाझम बारिश
मध्य प्रदेश में चार प्रभावी मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से अरब सागर से नमी आ रही है। इससे मानसून आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल हुई है। रविवार से भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। 18 जून तक प्रदेश में मानसून पहुंच सकता है।
Publish Date: Sat, 14 Jun 2025 09:02:32 PM (IST)
Updated Date: Sun, 15 Jun 2025 09:17:04 AM (IST)
मध्य प्रदेश में रविवार से बारिश के आसार। (फाइल फोटो)HighLights
- चार सक्रिय प्रणालियों से नमी आना शुरू
- रविवार से कई जिलों में बारिश के आसार
- इंदौर संभाग में हो सकती झमाझम बारिश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर चार प्रभावी मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। जिसके चलते अरब सागर से हवाओं के साथ नमी आने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां काफी अनुकूल होने लगी हैं।
इस वजह से मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर अच्छी बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है। रविवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, सागर संभाग के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। विशेषकर इंदौर संभाग में कई स्थानों पर झमाझम बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक छिंदवाड़ा में 19, धार में नौ, खजुराहो में आठ, उज्जैन में छह, सागर एवं मलाजखंड में चार, सिवनी में एक मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी में भी शाम के बाद कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ीं।
नर्मदापुरम प्रदेश में रहा सबसे गर्म
- प्रदेश में सबसे अधिक 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में लू का प्रभाव रहा। 19 शहरों में तापमान 40 से 45.2 डिग्री के बीच रहा।
- मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, बालुरघाट से होकर ही गुजर रही है। पश्चिमी राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
इस से लेकर एक द्रोणिका गुजरात से पश्चिमी मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तरी-मध्य महाराष्ट्र तक बनी हुई है। मराठवाड़ा और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। जो दक्षिण-पश्चिमी दिशा में झुका हुआ है। इस चक्रवात से एक द्रोणिका तेलंगाना होते हुए आंध्र प्रदेश तक बनी हुई है। रविवार से प्रदेश में होगी बारिश
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मानसून पिछले 13 दिनों से स्थिर बना हुआ है। रविवार को उसके आगे बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में अरब सागर से नमी आने लगी है। इस वजह से रविवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने लगेगी। 18 जून तक प्रदेश में मानसून का प्रवेश भी हो सकता है।