MP Weather Update: मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम, कई जगहों पर हुई बारिश
MP Weather Update: मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Tue, 16 Mar 2021 08:04:28 PM (IST)
Updated Date: Tue, 16 Mar 2021 08:25:16 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। एक बार फिर विपरीत दिशा की हवाओं में टकराव की स्थिति निर्मित होने से वातावरण में नमी बढ़ने लगी है। जिसके चलते मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सागर में 2, जबलपुर में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी, छिंदवाड़ा में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को भोपाल, होशंगाबाद, संभाग में और सागर, छतरपुर जिले में बरसात होने की संभावना है। गुरुवार-शुक्रवार का बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्रीसे. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्रीसे. रिकार्ह किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्रीसे. अधिक रहा। साथ ही सोमवार के न्यूनतम तापमान (17.2 डिग्रीसे.) की तुलना में 3.3 डिग्रीसे. अधिक है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कर्नाटक से दक्षिण-पश्चिमी मप्र तक एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ) बना हुआ है। इस सिस्टम के साथ निचले स्तर पर पूर्वी और ऊपरी हिस्से में पश्चिमी हवा का टकराव हो रहा है। पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। उत्तर-मध्य महाराष्ट्र पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। इससे प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर दोपहर बाद बादल छाने लगे हैं। बुधवार को भोपाल, होशंगाबाद संभाग, सागर, छतरपुर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। रुक-रुक कर बरसात का सिलसिला 21 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कही ओले भी गिर सकते हैं।