
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हिमालय के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मध्य प्रदेश का मौसम अचानक से अस्थिर हो गया। शनिवार शाम भोपाल-नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग के कुछ जिलों में तेज आंधी उठी, उसके ठीक बाद तेज बौछारें पड़ीं।
आंधी की वजह से उड़ रही एल्यूमिनियम की चादर को बचाने की कोशिश में गुना के एक व्यक्ति की उसी के नीचे दबकर मौत हो गई। गुना में तेज आंधी की वजह से बीजी रोड पर एक चार मंजिला भवन के सबसे ऊपर एल्यूमीनियम की चादर उड़ने लगी। सिर में गंभीर चोटों की वजह से मकान मालिक पवन स्वामी की मौत हो गई। आरोन क्षेत्र में भी एक महिला उड़ते हुए टीन शेड से टकराकर घायल हो गई।
विदिशा, नर्मदापुरम, सीहोर जिलों में कृषि उपज मंडियों और सरकारी खरीदी केंद्रों पर उपज भीग गई। विदिशा में दो बजे के बाद आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। पेड़ गिरे और बिजली के खंभे धराशाई हो गए। नटेरन क्षेत्र के ग्राम सतपाड़ा हाट में संतोष नामदेव के घर पर ही बिजली का खंभा गिर गया। विदिशा, नटेरन, ग्यारसपुर सहित अन्य क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। सैकड़ों क्विंटल चना पानी में भीग गया।
भोपाल, रायसेन, सागर, राजगढ़, बैतूल जिलों में बूंदाबांदी से अचानक तापमान कम हो गया। भोपाल में दोपहर बाद हवाओं के साथ तेज बौछारें पड़ीं। नर्मदापुरम में आंधी के साथ शुरू हुई बारिश इतनी तेज थी कि आधे घंटे में 16.2 मिमी पानी बरस गया। आंधी की वजह से पेड़ उखड़ गए।
रायसेन के छुछार गांव में हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई। इस वेयरहाउस में सरकारी खरीदी की मूंग रखी है। सीहोर के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं, खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में शनिवार को आंधी के बाद वर्षा और ओले गिरे। किसानों का कहना है कि कई जगह गेहूं खराब हुआ है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 5 लाख उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सोलर पैनल लगवाना हुआ और सस्ता, रजिस्ट्रेशन समेत सभी शुल्क खत्म
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर वातावरण में तीव्र अस्थिरता बनी हुई है। दिन की गर्मी और निचले स्तर की नमी मिलकर तेज संवहनीय बादल (थंडरस्टॉर्म) बना रहे हैं, जिससे अचानक आंधी, बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं।
मौसम विज्ञानियों ने रविवार को अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, पाढुर्णा। इसमें से कई जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के चलने की चेतावनी भी है।