भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के पहुंचने से वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे ऊंचाई के स्तर पर बादल बनना शुरू हो गए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बादलों के कारण रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होना शुरू होगी। इससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को रीवा, उमरिया और जबलपुर में शीतलहर चली। इंदौर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान काफी गिरे। आठ स्थानों पर तापमान तीन से पांच डिग्री से. के बीच दर्ज किया गया। उज्जैन, नरसिंहपुर और सिवनी में शीतल दिन रहा।
मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि वर्तमान में जम्मू-काश्मीर और लद्दाख पर एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रवात के रूप में है। उसके प्रभाव से हवा का रुख उत्तर-पूर्वी हो रहा है। इससे ऊंचाई पर बादल आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे दिन के तापमान पर विशेष असर नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में सोमवार से कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी। इससे ठंड से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के साथ ही तापमान में फिर गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा।
इन स्थानों पर तीन से पांच डिग्री से. के बीच रहा पारा
उमरिया- 3.2 डिग्री से.
ग्वालियर-4.0 डिग्री से.
रीवा- 4.0 डिग्री से.
नौगांव-4.5 डिग्री से.
दतिया-5.0 डिग्री से.
रायसेन-5.0 डिग्री से.
खजुराहो-5.0 डिग्री से.
मंडला- 5.0 डिग्री से.
रविवार को चार महानगरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
भोपाल 24.5 6.8
इंदौर 24.8 9.6
जबलपुर 24.0 5.8
ग्वालियर 24.3 4.3
नोट:-तापमान डिग्री से. में।