MP Weather: मप्र में मौसम से रेल यातायात पर असर, कोहरा काउंटरों पर मिलेगी ट्रेन लेट होने की जानकारी
भोपाल स्टेशन पर रोजाना 750 से अधिक यात्री ट्रेन से संबंधित जानकारी के लिए कोहरा काउंटर पर आ रहे हैं। इसमें ज्यादातर यात्री टिकट वापस करने पर कितना रुपये रिफंड किया जाएगा, इसकी जानकारी ले रहे हैं।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Mon, 01 Jan 2024 01:44:19 PM (IST)
Updated Date: Mon, 01 Jan 2024 01:44:19 PM (IST)
HighLights
- मध्य प्रदेश में पहली बार भोपाल स्टेशन सहित मंडल के आठ स्टेशनों पर बनाए गए कोहरा काउंटर
- इन दिनों कोहरा के कारण रेल यातायात प्रभावित चल रहा है।
- भोपाल स्टेशन पर यात्रियों के लिए यह काउंटर नए भवन के भूतल पर इंक्वायरी के बाहर की तरफ खोला गया है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । इन दिनों कोहरा के कारण रेल यातायात प्रभावित चल रहा है। खासतौर पर दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें आठ से 10 घंटे देरी से भोपाल पहुंच रही हैं। इसी के मद्देनजर भोपाल रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए प्रदेश में पहली बार कोहरा काउंटर खोले हैं। ये मंडल के आठ स्टेशनों पर बनाए गए हैं। इन काउंटरों पर आठ कर्मचारी अलग-अलग शिफ्ट में यात्रियों को कोहरे से लेट होने वाली ट्रेनों की जानकारी दे रहे हैं। भोपाल स्टेशन पर यात्रियों के लिए यह काउंटर नए भवन के भूतल पर इंक्वायरी के बाहर की तरफ खोला गया है।
घना कोहरा होने के बाद भी ट्रेनों का संचालन
रेल मंडल के अधिकारियों का कहना है कि घना कोहरा होने के बाद भी ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। फाग सेफ डिवाइस अपना काम कर रही हैं, लेकिन ज्यादा घना कोहरा होने से ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। इसी कारण कोहरे से संबंधित ट्रेनों की जानकारी देने के लिए काउंटर शुरू किए गए हैं।
बड़ी संख्या में यात्री जानकारी ले रहे
भोपाल स्टेशन पर रोजाना 750 से अधिक यात्री ट्रेन से संबंधित जानकारी के लिए कोहरा काउंटर पर आ रहे हैं। इसमें ज्यादातर यात्री टिकट वापस करने पर कितना रुपये रिफंड किया जाएगा, इसकी जानकारी ले रहे हैं। साथ ही ट्रेन कितने घंटे देरी से भोपाल स्टेशन आएगी, यह जानकारी भी ले रहे हैं। इसके अलावा ऐसे छोटे स्टेशन, जहां कोहरा काउंटर नहीं बनाए गए हैं, वहां टिकट काउंटर पर ही यह जानकारी दी जाएगी।
इनका कहना है
पश्चिम-मध्य रेल जोन में पहली बार भोपाल मंडल के आठ स्टेशनों भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना, विदिशा, होशंगाबाद, हरदा, गंजबासौदा में कोहरा काउंटर बनाए गए हैं। इससे जो लोग मोबाइल पर ट्रेन संबंधी जानकारी नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं। वह काउंटर पर आकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। वहीं मंडल के सभी स्टेशनों पर कोहरे के कारण लेट होने वाली ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है।
- सौरभ कटारिया, सीनियर डीसीएम भोपाल।