राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की जा रही है। आगामी माह में 5,762 पद भरे जाएंगे। वहीं, वर्तमान में 5,317 पदों के लिए 61 भर्ती प्रक्रियाएं राज्य लोक सेवा आयोग से संचालित की जा रही हैं।
बता दें कि आयोग ने दिसंबर 2023 से लेकर अब तक 4,492 पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित करके 3,756 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए संबंधित विभागों को अनुशंसा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेश लाल मेहरा ने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक 3,756 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए संबंधित विभागों को अनुशंसा पत्र भेजे जा चुके हैं। अभी 5,317 पदों के लिए 61 भर्ती प्रक्रियाएं चल रही हैं। सभी परिणाम शासन और उच्च न्यायालय के कुल विज्ञापित पदों में से 87 प्रतिशत पदों के परिणाम घोषित करने के निर्देशों का पालन करते हुए घोषित किए गए हैं।
आयोग के सचिव प्रबल सिपाहा ने बताया कि आयोग ने 2019, 2021, 2022 के लिए 1,109 पदों और तीन राज्य वन सेवा परीक्षाओं के लिए 200 पदों के लिए अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिए हैं। संबंधित विभागों को अनुशंसाएं जल्द भेजी जा चुकी हैं।
पद - संख्या
1. डिप्टी कलेक्टर - 72
2. उप पुलिस अधीक्षक - 51
3. सहायक संचालक स्कूल शिक्षा - 132
4. वित्त सेवा - 22
5. सहायक वन संरक्षक - 19
6. वन क्षेत्रपाल एवं परियोजना क्षेत्र अधिकारी - 181
7. रेडियोलाजी विशेषज्ञ - 7
8. आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी - 543
9. आयुष व्याख्याता - 71
10. सहायक प्राध्यापक - 727