
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की ओर से सहायक प्राध्यापकों के पदों पर भर्ती के लिए राज्य पात्रता परीक्षा (MP SET) का आयोजन एक मार्च को किया जा रहा है। इसमें एक लाख 46 हजार आवेदक 31 विषयों की परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12 से तीन बजे तक रखा गया है। यह परीक्षा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, उज्जैन और रतलाम सहित 12 जिलों में 390 केंद्रों पर आयोजित होगी।
आवेदनों में सालाना बढ़ोतरी हो रही है। इस साल सबसे अधिक करीब एक लाख 46 हजार रिकॉर्ड आवेदन ऑनलाइन भरे गए हैं। इस परीक्षा को पास करने के बाद अभ्यर्थी सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए पात्र होंगे। सेट के अलावा पीएचडी और यूजीसी नेट उम्मीदवार प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में शामिल होने की पात्रता रखते हैं। सेट से एमपीपीएससी द्वारा आयोजित होने वाली सरकारी कॉलेज में सहायक प्राध्यापक की भर्ती परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें- किसानों के लिए जरूरी खबर, सरसों और चना की सरकारी खरीदी के लिए पंजीयन शुरू, 20 मार्च तक कराएं रजिस्ट्रेशन
करीब 1200 पदों के लिए एमपीपीएससी ने विज्ञापन जारी कर दिया है। इस कारण सेट देने के लिए हर साल अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ रही है। बता दें कि 2024 में 1.21 लाख और 2022 में 1.02 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे।