
भोपाल। नर्मदा नियंत्रण मंडल ने मालवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जाने वाली नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना को प्रशासकीय अनुमति दे दी है। पिछले दिनों नर्मदा नियंत्रण मंडल की बैठक में नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना सहित घाटी की लगभग 14 हजार 600 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
नर्मदा-कालीसिंध परियोजना दो चरणों में पूरी होगी। इस प्रोजेक्ट से देवास, शाजापुर, सीहोर और राजगढ़ जिले के 366 गांवों की 2 लाख हेक्टेयर से ज्यादा इलाका सिंचित होगा। इसके साथ ही नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना से भी देवास, उज्जैन, शाजापुर जिले के 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का रास्ता खुल गया है।
नियंत्रण मंडल ने मोरंड व गंजाल संयुक्त सिंचाई परियोजना को भी प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। इससे होशंगाबाद, हरदा और खंडवा जिलों में 52 हजार 205 हेक्टेयर कृषि भूमि पर सिंचाई क्षमता बढ़ेगी।