
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के जनजातीय अंचल के किसानों को जल्द ही रबी सीजन में सिंचाई की सौगात मिलने जा रही है। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर 15 नवंबर को धार जिले में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1353.18 करोड़ रुपये की लागत वाली डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिलों के 126 गांवों की खेती को लाभ मिलेगा। अनुमान है कि करीब 1.26 लाख किसान परिवार इससे लाभान्वित होंगे।
परियोजना में नर्मदा का पानी आधुनिक दबावयुक्त भूमिगत पाइपलाइन के जरिए खेतों तक भेजा जाएगा। इससे गेहूं, चना, सब्जी और चारा फसलों की पैदावार बढ़ने की उम्मीद है। किसान फसल विविधीकरण अपनाकर आमदनी भी बढ़ा सकेंगे।
परियोजना का लाभ धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को मिलेगा। लक्ष्य है कि रबी सीजन में करीब 47 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित हो। इसके लिए नर्मदा से 166.51 मिलियन घनमीटर पानी उठाकर पाइपलाइन नेटवर्क से वितरित किया जाएगा। संचालन के लिए मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी कुक्षी के सुसारी और जोबट सब-स्टेशनों से कुल 58.87 मेगावाट बिजली देगी।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने यूपी राज्यसभा सीट से दिया इस्तीफा, हाल ही में मध्य प्रदेश से चुने गए हैं निर्विरोध
धार जिले की कुक्षी तहसील में 13,180 हेक्टेयर और डही तहसील में 15,895 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील में 15,963 हेक्टेयर, सोंडवा में 1,759 हेक्टेयर और आलीराजपुर तहसील में 1,958 हेक्टेयर भूमि को पानी मिलेगा।
परियोजना का निर्माण 30 जून 2026 को पूरा हो चुका है और इस पर कुल 1353.18 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। फिलहाल खेतों तक पानी पहुंचाने से पहले इसका परीक्षण चल रहा है। डही तहसील के ग्राम कातरखेड़ा के पास नर्मदा से पानी पंप किया जाएगा। इसके लिए पांच पंप हाउस बनाए गए हैं, साथ ही करीब 58 किलोमीटर लंबी राइजिंग मेन लाइन और वितरण के लिए व्यापक पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया है।