
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में नौतपा के तीसरे दिन बुधवार को सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों को बेहाल किया। इस दौरान दिन के औसत तापमान में करीब एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेशभर में सबसे अधिक रहा। रातें भी गर्म बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को पन्ना-छतरपुर सहित कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। साथ ही राज्य के दक्षिणी निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है। अगले दो दिन तापमान में विशेष कमी नहीं आने वाली। इसके बाद तीन से चार डिग्री गिरावट की उम्मीद है।
मौसम विज्ञानी एसएस पांडे ने बताया कि दमोह में 45.2 डिग्री, रीवा में 45.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.0 डिग्री और राजगढ़ में 45.0 डिग्री दर्ज किया गया। चारों जिलों में लू भी चली। वहीं गुना, ग्वालियर, रायसेन और श्योपुर में पारा 44 डिग्री के पार रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश में जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री तक गया, वहीं पश्चिमी हिस्से में यह 45.7 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। छिंदवाड़ा में रातें बेहद गर्म रहीं, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री बढ़कर 29.6 डिग्री पर पहुंच गया।
एक तरफ पूरा प्रदेश तप रहा है, तो वहीं शाम को कुछ हिस्सों में मौसम बदला। भोपाल में दोपहर बाद धूप-छांव देखने को मिली। वहीं जबलपुर में शाम को 2.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सिवनी और मंडला जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली।
यह भी पढ़ें- एमपी सरकार का बड़ा फैसला: IAS, IPS और IFS अफसरों का DA 2% बढ़ा; अब मिलेगा 60 फीसदी महंगाई भत्ता
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| भोपाल | 43.6 | 29.6 |
| इंदौर | 40.4 | 26.8 |
| ग्वालियर | 44.5 | 28.2 |
| जबलपुर | 43.0 | 30.1 |