नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । बड़ा तालाब में जलीय जीवन को बचाने के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने कीटनाशक के इस्तेमाल पर चिंता जताई है, लेकिन अब उसी तालाब में जलकुंभी हटाने के लिए नगर निगम की तेज कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एनजीटी में कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) पेश करने से पहले निगम ने जलकुंभी हटाने का अभियान तेज कर दिया है। भारी मशीनों से की जा रही सफाई के दौरान मछली, कछुए, मेंढक और पक्षियों के घोंसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
सिंघाड़े की खेती में कीटनाशक का छिड़काव
एनजीटी ने बड़े तालाब में करीब 60 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंघाड़े की खेती पर कीटनाशक के छिड़काव को लेकर स्वत: संज्ञान लिया था। अधिकरण ने तालाब में जलकुंभी के तेजी से फैलने, घुलित ऑक्सीजन (डीओ) के स्तर में कमी और मछलियों की मौत को लेकर भी चिंता जताई थी।
जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर छह सप्ताह में तथ्यात्मक रिपोर्ट और कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एनजीटी की सुनवाई के बाद नगर निगम के झील संरक्षण प्रकोष्ठ ने बड़े तालाब में जलकुंभी हटाने का अभियान तेज कर दिया।
वीआईपी रोड पर सोलर पैनल के नीचे करीब 100 मीटर हिस्से से बड़ी मात्रा में जलकुंभी हटाई गई। वहीं, राजा भोज सेतु के नीचे भी जलकुंभी हटाने का काम जारी है।
घोंसलों के साथ उठ रही जलकुंभी
जलकुंभी की मोटी परत कई जलीय और पक्षी प्रजातियों के लिए आवास बन गई है। कुछ हिस्सों में पक्षियों ने घोंसले बनाए हैं, जिनमें अंडे और बच्चे भी बताए जा रहे हैं। मशीनों से जलकुंभी हटाने के दौरान इन हिस्सों के भी उठ जाने से घोंसलों और पक्षियों के बच्चों को नुकसान का खतरा है। वहीं, मशीनों में मछली, कछुए और मेंढक फंसने की आशंका भी जताई जा रही है।
जलकुंभी नहीं, सीवेज रोकना जरूरी
बड़े तालाब में जलकुंभी का फैलाव केवल सतही समस्या नहीं है, बल्कि इसकी असली वजह तालाब में पहुंच रहा प्रदूषित पानी और सीवेज है। जब तक तालाब में मल-मूत्र और सीवेज का प्रवाह पूरी तरह बंद नहीं होगा, तब तक जलकुंभी को स्थायी रूप से खत्म करना संभव नहीं है। शहर के कई नालों का पानी अभी भी बिना शोधन के तालाब में पहुंच रहा है।
इसके अलावा नदी और नालों पर अतिक्रमण कर काटी जा रही कालोनियों से निकलने वाला सीवेज भी जलस्रोत तक पहुंच रहा है। इससे जलकुंभी को बढ़ने के लिए पोषक तत्व मिलते रहते हैं।
यह सीधे तौर पर मास्टर प्लान से जुड़ा विषय है। इसके लिए अलग-अलग विभागों की टुकड़ों में कार्रवाई के बजाय इंटीग्रेटेड प्लान तैयार करना होगा। सरकार द्वारा बनाए गए नियमों का सख्ती से पालन कराना होगा।
बड़े तालाब से जलकुंभी को निकालने के नाम पर तटीय पारिस्थिकी तंत्र से छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। तटीय पारिस्थिकी तंत्र में कई पक्षी अपने घोंसले बनाते हैं, अंडे देते हैं। इसमें उनके बच्चे भी होते हैं। यदि तालाब से जलकुंभी को निकाला जा रहा है तो उसे पारिस्थिकीय तंत्र के विशेषज्ञ की मदद लेकर किया जाना चाहिए। अभी तालाब से जलकुंभी निकालने का काम इंजीनियरों को दे दिया जाता है और वे इंजीनियरिंग मशीनों से इसे निकालते हैं, जिससे तालाब का जलीय जीवन प्रभावित होती है। - सौरभ पोपली, एसोसिएट प्रोफेसर, स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर
बड़े तालाब में जमा जलकुंभी को नगर निगम द्वारा निकालने का काम किया जा रहा है। जलकुंभी सावधानीपूर्वक निकाली जा रही है। जानबूझकर किसी जलीय जीव को नहीं निकाला जा रहा है। गलती से कोई निकल गया होगा। - संतोष गुप्ता, मुख्य अभियंता, नगर निगम