
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में हर साल वर्षा के समय पानी घर में घुसने की समस्या सामने आती है। इसका बड़ा कारण पुरानी सड़क को उखाड़े बिना उसके ऊपर नई परतें बिछाना है। इससे सड़कों की ऊंचाई बढ़ती जाती है। स्थिति यह हो गई है कि कई कालोनियों में मकान सड़क की सतह से नीचे हो गए हैं। घर के अंदर से पानी की निकासी, बाहर से ड्रेन आउट करना और उस लेबर को मैच करने में कठिनाई होती है।
इस समस्या के समाधान के लिए कालोनियों में फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) तकनीक के तहत ही नई सड़कें बनाने में नगरीय निकायों की रुचि नहीं है। इसका दुष्परिणाम यह भी हो रहा है कि सड़क की मोटी परत बिछने से सीवरेज लाइन डालने में उतनी ही खोदाई करनी पड़ती है, जिससे इसकी लागत भी बढ़ जाती है। बोझ सरकारी धन पर पड़ता है, लेकिन आर्थिक तंगी से जूझ रहीं निकायों को इसकी कोई चिंता नहीं है।
बता दें कि नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने प्रत्येक नगर निगम और संभाग स्तर के अधिकारियों को एफडीआर तकनीक से सड़कें बनाने का लक्ष्य दिया था। इसमें करना यह था कि पुरानी सड़कों को उखाड़कर इससे निकली सामग्री (डामर, कंक्रीट और मिट्टी) को 100 प्रतिशत रिसाइकिल करके नई सड़क बनाई जानी थी।
इससे लागत कम हो जाती है और मजबूती भी रहती, लेकिन इस तकनीक पर अमल हो ही नहीं पा रहा है। विशेषज्ञ इसे बहुत बेहतर मानते हैं, फिर भी निकाय प्रशासन इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं।
एफडीआर तकनीक से हाइवे, शहरी सड़कें, ग्रामीण सड़कें और एयरपोर्ट रनवे भी बनाए जा रहे हैं। हैदराबाद का एक रनवे एफडीआर तकनीक से अपग्रेड किया गया है। सबसे अधिक काम उत्तर प्रदेश में हुआ है। यहां एफडीआर तकनीक से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में 5600 किलोमीटर की 625 सड़कें बनाई गई हैं।
अब तक इस तकनीक के उपयोग से निर्माण लागत में लगभग 20 प्रतिशत (औसतन 13.75 लाख रुपये प्रति किमी) की बचत हुई है और करीब 90 लाख घनमीटर गिट्टी व 700 लाख लीटर डीजल की बचत दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- एमपी सरकार बेचेगी केरल और मुंबई की संपत्ति, एक का हुआ मूल्यांकन, दूसरे का बाकी; PICL को सौंपा जिम्मा
प्रत्येक नगर निगमों और संभाग स्तर अधिकारियों को एफडीआर तकनीक से सड़कें बनाने का लक्ष्य दिया है। वर्तमान में इसकी क्या स्थिति है, पता करके पुन: नगर निगमों को निर्देश देंगे। -संकेत भोंडवे, आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास मप्र
एफडीआर तकनीक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों के लिए बेहतर विकल्प हैं, जहां यातायात का कम दबाव होता है। निकायों के अधिकारियों और सड़क बनाने वाले ठेकेदारों को पहले इस तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, जिसे वे समझे और फिर बेहतर काम कर सके। -प्रभाकांत कटारे, सेवानिवृत्त प्रमुख अभियंता, नगरीय विकास