
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के लिए कल का दिन ऐतिहासिक रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प सप्ताह और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार 21 साल बाद पुनः लोक परिवहन बस सेवा शुरू करने जा रही है।
यह एक आधुनिक और यूनिक मॉडल होगा, जिसमें ई-बसों सहित विभिन्न प्रकार की बस सेवाओं को चरणबद्ध रूप से हर नगर और हर जिले तक पहुंचाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टॉप, बस स्टैंड और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के साथ बेहतर कंट्रोलिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
सिटी बसों से लेकर राज्य के भीतर और दूसरे राज्यों के लिए लग्जरी बस सेवाएं भी शुरू होंगी। इससे प्रदेश के प्रमुख शहरों के साथ देश के प्रमुख तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन सुगम होगा।
मध्यप्रदेश में मेट्रो सेवा की शुरुआत के बाद सड़क परिवहन के क्षेत्र में लोक परिवहन बस सेवा का पुनः शुभारंभ एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार ने बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है, अब सुगम यातायात की सुविधा को भी विस्तार दिया जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी हमारे साथ उपस्थित रहेंगे। मैं भोपाल और मध्यप्रदेश की जनता की ओर से उनका स्वागत करता हूं।
यह निर्णय प्रदेश की जनता के लिए सुविधा, कनेक्टिविटी और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री