भोपाल में दर्दनाक हादसा: छत से पानी निकालते समय हाइटेंशन लाइन की चपेट में आए NHDC के सीनियर मैनेजर, मौत
भोपाल के नेताजी हिल्स में छत पर जमा बारिश का पानी निकालते समय लोहे की राड हाईटेंशन लाइन से टकरा गई, जिससे एनएचडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक की मौत हो गई।
Publish Date: Wed, 12 Aug 2026 05:33:38 PM (IST)Updated Date: Wed, 12 Aug 2026 05:43:19 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- छत पर जमा बारिश का पानी निकालते समय हुआ हादसा
- करंट लगने से एनएचडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक की मौत हो गई
- लोहे की राड हाईटेंशन लाइन से टकराने से शरीर को लगा झटका
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र के नेताजी हिल्स में सोमवार सुबह एक हादसे में नर्मदा हाइड्रोइलेक्ट्रिक डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएचडीसी) के वरिष्ठ प्रबंधक की करंट लगने से मौत हो गई।
वह अपने मकान की छत पर जमा बारिश का पानी लोहे की राड से निकाल रहे थे, तभी राड छत के पास से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से छू गई। कोलार थाने के एसआई जोगेंद्र नैगी ने बताया कि महाबली नेताजी हिल्स निवासी जयप्रकाश कटियार (52) श्यामला हिल्स स्थित मुख्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक थे।
छत का पानी निकालने के दौरान हादसा
रविवार रात हुई तेज बारिश के कारण उनके मकान की छत पर भारी जलभराव हो गया था। रात में भी स्वजन पानी की निकासी में जुटे रहे। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जयप्रकाश दोबारा छत पर जमा पानी साफ करने गए थे।
जब वह लोहे की राड से पानी का रास्ता बना रहे थे, उसी दौरान राड सीधे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। तेज धमाके के साथ उन्हें करंट का जोरदार झटका लगा और वे अचेत होकर वहीं गिर पड़े।
धमाके की आवाज सुनकर स्वजन छत पर पहुंचे और तुरंत उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।