अब संविदाकर्मियों के पक्ष में उतरे विधायक नारायण त्रिपाठी
संविदाकर्मियों को पदोन्नति देने, नियमित के लिए लिखा पत्र
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Mon, 05 Jul 2021 04:54:12 PM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Jul 2021 04:55:09 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। हमेशा सुर्खियों में रहने वाले मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी प्रदेश के संविदा कर्मचारियों के पक्ष में उतर गए हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को पत्र लिखकर संविदाकर्मियों को पदोन्नति, क्रमोन्न्ति देने और नियमित करने की मांग की है। मैहर विधायक ने अपने पत्र में लिखा है कि राज्य शिक्षा केंद्र में 15-15 साल से संविदाकर्मी कार्यरत हैं। वे एक ही वेतनमान पर काम कर रहे हैं। कोई पदोन्न्ति, क्रमोन्न्ति नहीं दी जा रही है। यहां तक की सरकार द्वारा 2018 में लागू की गई संविदा नीति तक का पालन नहीं किया जा रहा है। यही स्थिति दूसरे विभागों के संविदाकर्मियों की है। वे नाखुश है। पत्र में यह भी लिखा है कि कुछ संविदाकर्मियों ने पूरा जीवन विभागों को दे दिया है। अब उम्र के आखिरी पड़ाव में विभाग उनकी चिंता नहीं कर रहा है। कुछ तो जिस वेतन पर ज्वाइन हुए थे उसी वेतन पर सेवानिवृत्त होने की स्थिति में आ गए हैं। ऐसे संविदाकर्मियों पर परिवार के भरण-पोषण की चिंता बढ़ गई है।
मौत हुई तो पीड़ित सदस्य को अनुकंपा तक नहीं दी
विधायक नारायण त्रिपाठी ने लिखा है कि काम के दौरान प्रत्येक संवर्ग के सैंकड़ों संविदाकर्मियों की मौत हो चुकी है। ऐसे मृतक संविदाकर्मियों के पीड़ित सदस्यों को अनुकंपा नियुक्ति तक नहीं दी गई है। इन मृतकों का परिवार परेशान हो रहा है।
संविदा अधिकारी कर्मचारी संघ ने लिखा था पत्र
विधायक नारायण त्रिपाठी को मप्र संविदा अधिकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर ने पत्र लिखा है। पत्र में संविदा कर्मियों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। साथ ही संविदाकर्मियों को न्याय दिलाने के लिए मदद मांगी है।