
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा से जुड़ी बसों के हादसों को लेकर उठाए सवाल मीडिया से चर्चा में कहा कि पुरानी बसों को रंग रोगन करके नई योजना में चलाया जा रहा है जिसके कारण हादसे हो रहे हैं। बसों की फिटनेस तक नहीं देखी जा रही है।
उन्होंने युवा कॉन्क्लेव को लेकर कहा कि सरकार कभी ढाई लाख रिक्त पदों पर भर्ती की बात करती है तो कभी एक लाख। सरकार यह तो बताए कि वह वास्तव में कितने पदों पर भर्ती करेगी और उसका कार्यक्रम क्या है, किन विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी नेता राहुल गांधी को देर रात हिरासत में लिए जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और लोकतांत्रिक हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलने तक नहीं दिया गया। वोट चोरी पकड़ी गई है।
पूरे प्रदेश में इसे लेकर अभियान चलाएंगे। जिला अध्यक्षों के साथ संभागवार बैठक कर रहे हैं, जिसमें पूरी रूपरेखा तय होगी। उन सभी मतदाताओं तक हमारे कार्यकर्ता पहुंचेंगे, जिनके नाम एसआईआर में काटे गए हैं।