
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। इंसान और बेजुबान के बीच के आत्मीय रिश्ते कई बार ऐसी मर्मस्पर्शी दास्तान छोड़ जाते हैं, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जाएं। राजधानी के रातीबड़ इलाके में एक ऐसा ही दिल को झकझोर देने वाला वाकया सामने आया है।
यहाँ घर में पली-बढ़ी और उम्र के आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी एक लाचार गाय की सेवा करते-करते एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
गुरुवार की शाम जिस गाय पर वह मां की तरह ममता लुटा रही थीं, वही बेजुबान अचानक उनका काल बन गया। गाय के फिसलकर ऊपर गिर जाने से 64 वर्षीय गीता बाई की दबकर मौत हो गई।
रातीबड़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाली गीता बाई का परिवार बरसों से गौरक्षक और गौसेवक रहा है। उन्होंने घर में एक गाय पाल रखी थी, जो अब काफी बूढ़ी हो चुकी थी।
वृद्धावस्था के कारण वह गाय इतनी कमजोर हो चुकी थी कि उसका ठीक से चलना-फिरना और खड़े होना भी दूभर था।
पूरा परिवार उसे असहाय छोड़ देने के बजाय उसकी तीमारदारी करता था। गीता बाई तो साये की तरह सुबह से शाम तक उसकी देखरेख में जुटी रहती थीं। उसे चारा खिलाना, पानी पिलाना और उसके पास बैठना गीता बाई की रोज की दिनचर्या का हिस्सा था।
रोजाना की तरह गुरुवार की शाम भी गीता बाई अपनी उसी बूढ़ी गाय के पास खड़ी थीं और उसे दुलार रही थीं। इसी बीच नियति ने एक क्रूर करवट ली।
अचानक उस कमजोर गाय के पैर लड़खड़ाए, उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे गीता बाई के ऊपर ही पलट गई। 64 वर्ष की बुजुर्ग महिला गाय के भारी-भरकम शरीर का वजन सहन नहीं कर सकीं और उसके नीचे बुरी तरह दब गईं।
इस हादसे से बदहवास गीता बाई ने दर्द से कराहते हुए मदद के लिए आवाजें लगाईं। चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर मौजूद परिजन बदहवास हालत में बाहर भागे।
नजारा देखकर सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने भारी मशक्कत के बाद गाय को हटाकर गीता बाई को बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में गौ-शालाओं को मिलने वाली राशि में होगी वृद्धि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा
परिजन बिना एक पल गंवाए गंभीर रूप से घायल गीता बाई को तत्काल पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया और इलाज शुरू किया, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।
आंतरिक चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान गीता बाई की सांसों की डोर टूट गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिस आंगन में कल तक गीता बाई की आवाज गूंजती थी और जहां वह उस बेजुबान की सेवा करती थीं, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।