Organ Donation In Bhopal: सूखकर चिपक गया था मरीज लिवर, नई धमनियां बनने से निकालने में हुई मुश्किल
Organ Donation In Bhopal: बंसल अस्पताल में नौ घंटे चला प्रत्यारोपण, लिवर ने शुरू किया काम
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Fri, 17 Sep 2021 10:37:19 PM (IST)
Updated Date: Fri, 17 Sep 2021 10:37:19 PM (IST)

Organ Donation In Bhopal: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। लगातार नौ घंटे तक सर्जरी कर बंसल अस्पताल के चिकित्सकों ने 35 साल के युवक को लिवर का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण कर दिया। लिवर ने काम करना शुरू कर दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज को लिवर सिरोसिस की वजह से लिवर पूरी तरह से चिपक गया था। लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा था, जिससे अतिरिक्त धमनियां बन गई थीं। इस वजह से लिवर को निकालना चुनौती भरा काम था। एक ट्रांसप्लांट सर्जन समेत छह चिकित्सकों की टीम ने पहले लिवर को निकाला इसके बाद ट्रांसप्लांट शुरू किया। रात 10:25 बजे से ट्रांसप्लांट शुरू हुआ जो सुबह आठ बजे तक चला। बता दें कि इंदौर की डेंटल सर्जन डॉ. संगीता पाटिल के ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद उनकी बेटी ने उनके सभी अंग दान कर दिए थे। इसमें लिवर भोपाल के बंसल अस्पताल को मिला था। गुरुवार रात को ग्रीन कारीडोर बनाकर सड़क मार्ग से लिवर को 2 घंटे 40 मिनट में भोपाल लाया गया था। अंग को लाने के लिए पहली बार इंदौर से भोपाल तक ग्रीन कॉरीडोर बनाया गया था।
शाजापुर जिले के शुजालपुर के रहने वाले युवक को लिवर प्रत्यारोपित किया गया है। एल्कोहल लेने की वजह से उनका लिवर खराब हो गया था। करीब डेढ साल से लिवर खराब होने की वजह से उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। दिमाग पर भी इसका असर आने लगा था। डॉक्टरों के मुताबिक ट्रांसप्लांट से परिवार के लोग बेहद खुश हैं क्योंकि उन्हें उम्मीद नहीं थी,इतना आसानी से लिवर मिल जाएगा।