
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के सरकारी स्कूलों के 7,500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 सितंबर को ई-स्कूटी का वितरण करेंगे। 'मुख्यमंत्री स्कूटी योजना' के तहत यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
इस योजना का लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा। योजना के तहत लाभ पाने के लिए कक्षा 12वीं की परीक्षा प्रथम प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना तथा अपने संबंधित स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना अनिवार्य रखा गया है।
विभागीय अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस प्रोत्साहन योजना के तहत अब तक प्रदेश भर में 23 हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी प्रदान कर लाभान्वित किया जा चुका है।