भोपाल में पत्नी-बच्चों के सामने पेंटर को चाकू से गोदा, पता पूछने के बहाने घर में घुसकर हमला
भोपाल के लालघाटी स्थित बरेला गांव में शुभम का पता पूछने पहुंचे आरोपितों ने पेंटर प्रभुलाल के घर में घुसकर हमला किया। आरोपियों ने प्रभुलाल के चेहरे, नाक, हाथ और पैरों पर चाकू से कई वार किए।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 08:33:45 AM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 08:34:38 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- तड़के चार बजे घर में घुसे बदमाश
- पत्नी और बच्चों के सामने चाकू से वार
- तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। लालघाटी के बरेला गांव में शुभम की तलाश करते हुए पहुंचे बदमाशों ने एक पेंटर के घर में घुसकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। तड़के चार बजे हुई इस वारदात में आरोपियों ने पत्नी और बच्चों के सामने प्रभुलाल के चेहरे, नाक, हाथ और पैरों पर चाकू से कई वार किए।
परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन बदमाश गाली-गलौज और धमकियां देते रहे। जाते समय आरोपितों ने चेतावनी दी कि शुभम के बारे में दोबारा गलत जानकारी दी तो अगली बार जान से खत्म कर देंगे।
पता पूछने के बहाने घर में घुसे
कोहेफिजा पुलिस ने निहाल वाल्मीकि, आयुष और उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रभुलाल (50) बरेला गांव में किराये के मकान में पत्नी सीमा बाई, बेटे मोहित और बेटी सिया के साथ रहते हैं। वह पेंटिंग का काम करते हैं। 9 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे परिवार घर में सो रहा था। तभी दरवाजा खटखटाने की आवाज आई।
प्रभुलाल ने दरवाजा खोला तो एक युवक ने शुभम के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि शुभम पड़ोस में किराये से रहता है और दीपावली पर अपने गांव गया हुआ है। इतना सुनते ही युवक के साथ आए दो-तीन अन्य बदमाश भी घर में घुस गए। उन्होंने प्रभुलाल और उनके परिवार को गालियां देना शुरू कर दिया।
ताबड़तोड़ किया हमला
इसके बाद एक आरोपित ने चाकू निकालकर प्रभुलाल पर हमला कर दिया। चेहरे, नाक, हाथ और पैरों पर वार से वह लहूलुहान हो गए। पत्नी और बेटे ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।