
नईदुनिया प्रतिनिधि, संत हिरदाराम नगर: शहर के बैरागढ़ बाजार में निर्माणाधीन एलिवेटेड ब्रिज का कार्य अब बाजार के मध्य तक पहुंच गया है। निर्माण कार्य आगे बढ़ने के साथ ही मेन रोड का बड़ा हिस्सा संकरा हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी है। पहले लोग ब्रिज के नीचे अपने वाहन खड़े कर लेते थे, लेकिन अब निर्माण कार्य के कारण वहां भी पर्याप्त जगह नहीं बची है।
मेन रोड से बीआरटीएस कॉरिडोर हटने के बाद बाजार में दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पहले ही सीमित हो चुकी थी। ऐसे में लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं। अब एलिवेटेड ब्रिज निर्माण के बाजार तक पहुंचने से पार्किंग संकट और गहरा गया है। सड़क संकरी होने के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है और बाजार आने वाले लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण शुरू होने से पहले नगर निगम ने एक अतिरिक्त मल्टीपार्किंग और कुछ छोटे पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई थी। हालांकि, यह प्रस्ताव अब तक धरातल पर नहीं उतर सका है। वर्तमान में बाजार में केवल एक मल्टीपार्किंग उपलब्ध है, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण उसमें कार पार्क करने की पर्याप्त जगह नहीं बची है।
व्यापारियों के अनुसार, हाल ही में पुलिस कमिश्नर ने बाजार का दौरा कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। पार्किंग विस्तार को लेकर सुझाव भी दिए गए, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बैरागढ़ बाजार के मध्य स्थित नगर निगम के फायर सब स्टेशन को दूसरी जगह स्थानांतरित कर वहां बहुमंजिला पार्किंग बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। प्रस्ताव के अनुसार, भवन के निचले हिस्से में पहले की तरह दमकल वाहन रखे जा सकते हैं, जबकि ऊपरी मंजिलों में पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
थोक वस्त्र व्यवसाय संघ ने महापौर और नगर निगम आयुक्त को इस संबंध में सुझाव पत्र भी सौंपा है। संघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल इसरानी का कहना है कि पार्किंग की समस्या का सीधा असर बाजार के कारोबार पर पड़ रहा है। उन्होंने बाजार के खाली स्थानों से अतिक्रमण हटाकर वहां पार्किंग विकसित करने की भी मांग की है।