Paryushan Parv 2021: रोशनी से जगमगाए शहर के श्वेतांबर जैन मंदिर, पर्युषण पर्व आज से शुरू
आगामी 10 सितंबर तक जैन धर्मावलंबी तप, त्याग, संयम की साधना कर आत्मशुद्धि की आराधना में लीन रहेंगे।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 03 Sep 2021 09:02:05 AM (IST)
Updated Date: Fri, 03 Sep 2021 09:02:05 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। श्वेतांबर जैन समाज के आठ दिवसीय आत्मशुद्धि के पर्यूषण पर्व की आज से शुरूआत हो गई है। आगामी 10 सितंबर तक जैन धर्मावलंबी तप, त्याग, संयम की साधना कर आत्म आराधना में लीन रहेंगे। राजधानी के श्वेतांबर जैन मंदिरों में पर्यूषण पर्व की तैयारियां पूरी हो गईं। जैन मंदिरों की भव्य साज-सज्जा की गई है। श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ ट्रस्ट की ओर से श्वेतांबर जैन मंदिरों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश तातेड़ ने बताया कि चेन्नई के सुश्रावक पिन्केश, दिव्यांश, भाविक भाई की निश्रा में विधि-विधान से अनुष्ठान होंगे। साथ ही पर्युषण पर्व पर विशेष व्याख्यान होगा। जैन यूथ क्लब, महावीर बहुमंडल, महिला मंडल की सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। आदिनाथ जैन श्वेताम्बर संघ के अध्यक्ष वीरेन्द्र कोठारी ने बताया कि पर्वधिराज पर्युषण पर्व के दौरान तुलसी नगर जैन मंदिर में प्रतिदिन भगवान जिनेन्द्र की पूजा-अर्चना के साथ स्नात्र पूजन, अंग रचना के साथ श्री कल्पसूत्र वाचन और पोथाजी चल समारोह में श्री महावीर जन्मोत्सव मनेगा। विशेष व्याख्यान होगा। पर्युषण पर्व समापन पर सामूहिक क्षमावाणी होगी। कोहेफिजा, पिपलानी, पंचवटी मंदिर में भी श्रद्धा भक्ति के साथ पर्यूषण पर्व मनाए जाएंगे।
इधर, दिगंबर जैन समाज हबीबगंज जिनालय का निर्माण कार्य निरंतर चल रहा है। श्री दिगंबर जैन समाज ने शनिवार को मंदिर की पहली मंजिल का बीम व सीलिंग रखने का मंगल कार्य रखा है। इसमें मुनि संभव सागर सहित अन्य मुनि मौजूद रहेंगे। मुनियों की मौजूदगी में मंगल कार्य किया जाएगा। श्री दिगंबर जैन समाज के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि सुबह सात बजे अभिषेक व शांतिधारा। सुबह 8:30 बजे मंगल देशना, 10 बजे बीम रखने का कार्य किया जाएगा।