'2 सीएफएल पर 1500 बिल, टीवी चलाएं तो 2000 पार': भोपाल में नारियलखेड़ा के जनविश्वास शिविर में छलका जनता का दर्द
नारियलखेड़ा के जनविश्वास शिविर में रहवासियों ने सांसद आलोक शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के सामने बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत रखी।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 10:06:56 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 10:06:56 PM (IST)
जनविश्वास शिविर में कलेक्टर को समस्याएं बताते लोग। सौ- प्रशासनHighLights
- नारियलखेड़ा के जनविश्वास शिविर में फूटा रहवासियों का गुस्सा
- सांसद और कलेक्टर के सामने बिजली बिलों की शिकायत रखी
- खराब सड़क, पानी और सीवेज की समस्याएं भी उठाईं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दो सीएफएल और एक पंखा चलाने पर 1000 से 1500 रुपये तक बिजली बिल आने और टीवी चलाने पर बिल 2000 रुपये पार पहुंचने की शिकायतों ने शुक्रवार को नारियलखेड़ा के जनविश्वास शिविर में लोगों की चिंता सामने ला दी।
मजदूरी कर परिवार चलाने वाले लोगों ने सांसद आलोक शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के सामने बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत रखी।
भारी-भरकम बिजली बिलों से परेशान
उनका कहना था कि सीमित आमदनी में घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में भारी-भरकम बिजली बिल कैसे भरें। कलेक्टर ने शिकायतों की जांच कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत नारियलखेड़ा दशहरा मैदान के पास सामुदायिक केंद्र में आयोजित शिविर में बिजली बिलों के अलावा तीन महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायतें भी पहुंचीं।
स्थानीय रहवासियों ने कॉलोनियों में सड़क, पानी और सीवेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या उठाई। लोगों ने बताया कि कई गलियों की सड़कें उखड़ी हुई हैं और नालियों की स्थिति भी खराब है।
सड़क देखने पहुंचीं निगम आयुक्त
शिविर में सड़क की समस्या सामने आने के बाद नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने वार्ड-13 में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। सड़क किनारे बनी नाली पर अतिक्रमण देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने रहवासियों से कहा कि बिजली, पानी, सड़क, सीवेज और कालोनी से जुड़ी शिकायतें कलेक्ट्रेट में बनाए गए कॉलोनी सेल में दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि यहां आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) गठित करने की अपील की, ताकि रहवासी सामूहिक रूप से अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रख सकें।
![naidunia_image]()
सांसद ने सुनीं शिकायतें
सांसद आलोक शर्मा ने शिविर में लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन लिए। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उनकी जायज समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है।
फील्ड में उतरे अफसर
जनविश्वास शिविर के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नारियलखेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-216 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद क्षेत्र में निर्माणाधीन वॉटर टैंक का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।