
भोपाल(राज्य ब्यूरो)। बिजली को लेकर प्रदेशभर की जनता परेशान है। बिजली बार-बार ट्रिप होना, ट्रांसफार्मर जलना आम शिकायतें हैं। ऐसी एक लाख 77 हजार 852 शिकायतें पिछले 15 दिन में बिजली कंपनियों के काल सेंटरों पर दर्ज कराई गई हैं। हालांकि इनमें से एक लाख 73 हजार 252 (97.14 फीसद) शिकायतों का निराकरण भी कर दिया गया है। मध्य प्रदेश की तीनों (भोपाल, जबलपुर और इंदौर) बिजली कंपनियां सातों दिन 24 घंटे कॉल सेंटर संचालित करती हैं। बिजली उपभोक्ता 1912 नंबर पर शिकायत दर्ज कराते हैं। इन सेंटरों पर एक से 15 अक्टूबर तक यह शिकायतें आई हैं।
सेंटरों से संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजकर उसका निराकरण कराया गया है। साथ ही उपभोक्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इनमें से पूर्व क्षेत्र कंपनी ने 36 हजार 900 में से 34 हजार 780, मध्य क्षेत्र ने 59 हजार 458 में से 59 हजार 14 और पश्चिम क्षेत्र कंपनी ने 81 हजार 494 में से 79 हजार 458 शिकायतों का निराकरण किया है। मंत्री ने बताया कि इनमें से सर्वाधिक शिकायतें विद्युत आपूर्ति से संबंधित हैं। इसके अलावा खराब वितरण ट्रांसफार्मर और मीटर या बिल संबंधी शिकायतों का भी निराकरण किया जा रहा है। News Updating...