एमपी में पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा, प्रदेश में नायरा के 275 पंपों पर बढ़े रेट, भोपाल में पेट्रोल 119.81; डीजल 102.59 रुपए लीटर
भोपाल में नई कीमतें लागू होने के बाद नायरा के पंपों पर पेट्रोल 119.81 रुपये और डीजल 102.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कंपनी के मध्यप्रदेश में करीब 27...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 07:20:18 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 09:12:45 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- नायरा एनर्जी ने मध्यप्रदेश में पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए
- भोपाल में नायरा के पंपों पर पेट्रोल 119.81 रुपये और डीजल 102.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है
- इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने फिलहाल कीमतों में बदलाव नहीं किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दिखने लगा है। नायरा एनर्जी ने शनिवार को मध्य प्रदेश में पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए।
इसके साथ ही भोपाल में नायरा के पंपों पर पेट्रोल 119.81 रुपये और डीजल 102.59 रुपये प्रति लीटर हो गया।
मध्य प्रदेश में 275 पेट्रोल पंप
शुक्रवार को यही कीमतें क्रमश: 114.81 और 99.59 रुपये थीं। नायरा एनर्जी के मध्य प्रदेश में करीब 275 पेट्रोल पंप हैं। कंपनी के पंपों पर रोजाना करीब नौ हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की खपत बताई गई है। भोपाल में कंपनी के आठ पंप हैं। कीमतों में बढ़ोतरी से इन पंपों से ईंधन लेने वाले वाहन चालकों पर सीधे अतिरिक्त भार पड़ेगा।
क्रूड महंगा हुआ तो बढ़ाए दाम
कंपनी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने से रिटेल कीमत और लागत के बीच अंतर बढ़ गया था। इसे कम करने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस साल मार्च में भी नायरा ने पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये महंगा किया था।
इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रूड के दाम घटने पर एक जुलाई को कंपनी ने दोनों ईंधनों की कीमतों में समान राशि की कटौती की थी। अब करीब तीन महीने बाद फिर कीमतें बढ़ाई गई हैं।
सरकारी कंपनियों ने नहीं बदले रेट
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने शनिवार को कीमतों में बदलाव नहीं किया। भोपाल में इन कंपनियों के पेट्रोल की कीमत करीब 114.54 रुपये और डीजल की 99.64 रुपये प्रति लीटर है। जियो ने भी फिलहाल दाम नहीं बढ़ाए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, जबकि भारत में इसका असर अभी सीमित रहा है। यदि स्थिति सामान्य नहीं हुई तो सरकारी तेल कंपनियां भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा सकती हैं।- अजय सिंह, अध्यक्ष, मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन