
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन पर एक छात्र के साथ की गई कथित मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी के गंभीर मामले को लेकर बुधवार को राजधानी में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए काउंसिल कार्यालय पहुंचकर न सिर्फ जमकर नारेबाजी की, बल्कि अध्यक्ष संजय जैन की नेम प्लेट पर कालिख पोतकर अपना सार्वजनिक विरोध दर्ज कराया।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने काउंसिल परिसर को घेर लिया। छात्र संगठन का आरोप है कि रजिस्ट्रेशन की समस्या को लेकर कार्यालय पहुंचे छात्र तुषार के साथ अध्यक्ष संजय जैन ने न सिर्फ बर्बरता से मारपीट की, बल्कि उसे घसीटकर कमरे में बंद कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने इस घटना को प्रदेश की शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर बड़ा प्रश्नचिह्न बताया।
उन्होंने कहा कि एक छात्र को उसकी समस्या के समाधान के बदले मारपीट कर घायल कर दिया जाता है। ऐसे व्यक्ति को किसी सार्वजनिक पद पर बने रहने का कोई नैतिक या वैधानिक अधिकार नहीं है।
जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने संवैधानिक परिषद के अध्यक्ष द्वारा छात्र को बंधक बनाकर रखना और मारपीट करना ''शर्मनाक और कानूनन गंभीर अपराध'' करार दिया।
फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष संजय जैन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।
मारपीट, धमकी और बंधक बनाने की घटना पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्यवाही हो।
छात्र पर दर्ज की गई एफआईआर को तुरंत वापस लिया जाए।
सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित कर घटना की निष्पक्ष जांच की जाए।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि संजय जैन को तत्काल पद से नहीं हटाया गया और उन पर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र संगठन प्रदेशभर में उग्र आंदोलन छेड़ेगा। रवि परमार ने साफ कहा कि छात्रों पर हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि छात्र तुषार के साथ हुई बर्बरता प्रदेश के पूरे छात्र समुदाय के सम्मान पर सीधा हमला है। यदि सरकार ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, तो संघर्ष और तीव्र होगा। प्रदर्शन में आशीष शर्मा, प्रतीक यादव, आनंद पाण्डेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।