पिथौरा पेंटिंग, आदिवासी गुड़िया को मिलेगा GI Tag; मांडू, कान्हा व पेंच में परोसे जाएंगे पारंपरिक व्यंजन
सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक इन पारंपरिक कला उत्पादों को जीआई टैग दिलाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय कार्य विभाग को प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 01:49:09 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 01:49:09 PM (IST)
मप्र की जनजातीय कला आदिवासी गुड़िया और पिथौरा पेंटिंग। सौ- इंटरनेट मीडियाHighLights
- मप्र की जनजातीय कला और व्यंजनों को मिलेगी वैश्विक पहचान
- 6 जनजातीय कला एवं उत्पाद श्रेणियों के लिए मार्च 2027 तक लक्ष्य
- केवड़िया मॉडल पर स्थानीय महिलाएं चलाएंगी कैफेटेरिया
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। डिंडौरी की गोंड पेंटिंग को जीआई (जिओग्राफिकल इंडिकेशन) टैग मिल चुका है। अब प्रदेश सरकार ने भील जनजाति की गलशन माला और बोलनी, पिथौरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया, गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्ययंत्र बाना और चिकारा एवं मुखौटा काष्ठ शिल्प को जीआई टैग दिलाने के लिए आवेदन किया है।
मार्च 2027 तक होगा लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य है कि इन जनजातीय कला उत्पादों को मार्च 2027 तक टैग मिल जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को इस काम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। जीआई टैग से जनजातीय कलाकारों की कला को विशिष्ट पहचान और उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने की उम्मीद है, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ होगा।
ट्राइबल कैफेटेरिया खोलने की योजना
जनजातीय महिलाओं की आजीविका मजबूत करने के लिए प्रदेश के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफेटेरिया खोलने की योजना है। यह गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में संचालित जनजातीय महिला कैफेटेरिया की तर्ज पर होगा।
यहां पर्यटकों को पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों और खान-पान की संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। कैफेटेरिया का संचालन स्थानीय जनजातीय महिलाएं करेंगी।