
PM Modi MP Visit: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा-कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मध्य प्रदेश आने का क्रम बढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून को मध्य प्रदेश आ रहे हैं। वे पहले धार जाएंगे, जहां जनजातीय समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहां से भोपाल पहुंचेंगे और जबलपुर से इंदौर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके बाद देशभर के 10 लाख बूथों पर होने वाली डिजिटल रैली के लिए चयनित ढाई हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बता दें कि 12 जून को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जबलपुर में थीं और उन्होंने सभा भी की थी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि इस मौके पर प्रधानमंत्री से व्यापक रोड-शो करने की अनुमति मांगी है, अनुमति मिली तो रोड-शो भी होगा। इसमें विभिन्न योजनाओं के हितग्राही उपस्थित होकर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करेंगे।
हितग्राही और पार्टी के कार्यकर्ता पीएम मोदी का आभार व्यक्त करने के लिए आतुर हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 64 हजार 100 बूथों पर काम करने वाले बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति सहित बूथ तंत्र (नेटवर्क) को संबोधित करेंगे। डिजिटल बूथ बनाने के अभियान के दौरान प्रदेश में 38 लाख कार्यकर्ता डिजिटल रूप से नामांकित हुए हैं। विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का देशभर के सभी 10 लाख बूथों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।